मध्य प्रदेश पुलिस के 20 अधिकारियों और कर्मचारियों को सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने पदक पाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची जारी की है। इसमें मध्य प्रदेश के चार लोगों को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक और 16 को सराहनीय सेवा पदक के लिए चुना गया है। मध्य प्रदेश पुलिस के लिए यह सम्मान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि चयनित अधिकारियों और कर्मचारियों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ निरीक्षक, उप निरीक्षक, सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक स्तर के कर्मचारी भी शामिल हैं।
चार को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक
मध्य प्रदेश से राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक के लिए चार नामों का चयन किया गया है। इनमें पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, निरीक्षक अनिल कुमार भदौरिया और आरक्षक राज लोचन प्रसाद दुबे शामिल हैं। इन चारों को पुलिस सेवा में विशिष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति पदक दिया जाएगा।
16 पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवा पदक के लिए मध्य प्रदेश के 16 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का चयन किया गया है। इनमें पुलिस उप महानिरीक्षक सिमाला प्रसाद, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार भगवानी, निरीक्षक हरनारायण जायसवाल, निरीक्षक विजय चौधरी, निरीक्षक अमित जैन, निरीक्षक अनीता कदम और निरीक्षक रजनी तिवारी शामिल हैं। इसके अलावा उप निरीक्षक डॉ. संतोष यादव, सहायक उप निरीक्षक दिनेश चंद नागर, सहायक उप निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह बैस, प्रधान आरक्षक भास्कर प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक भाग सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक सत्य नारायण यादव, आरक्षक संतोष कुमार नायक और आरक्षक संतोष कुमार परिहार को भी सराहनीय सेवा पदक के लिए चुना गया है।
अगले साल होगा पदकों का औपचारिक वितरण
सेवा पदकों की घोषणा स्वतंत्रता दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर की गई है। चयनित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पदकों का औपचारिक वितरण 15 अगस्त 2027 को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में किया जाएगा। मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने पदक के लिए चुने गए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है।
